मेरा बेटा 9 साल का है और हम जॉइंट फ़ैमिली में रहते हैं।
मेरे पति भाभी के कहे अनुसार चलते हैं, मुझसे बात भी नहीं करते, इग्नोर करते हैं और बेवजह लड़ते हैं।
पैसे नहीं देते, मुझे अपने मायके वालों से पैसे लेने पड़ते हैं अपने लिए। मारपीट और गंदी-गंदी गालियाँ भी देते हैं।
इसी हाल में बरसों से जी रही हूँ।
जज़्बात हेल्प सेंटर संस्थापक राजीव के सुझाव
आप जॉइंट फैमिली की गंदी राजनीति की शिकार हो गई हैं। ऐसे परिवारों में होता यह है कि दो-तीन भाई होने पर कोई भाभी अपने देवरों को साधने का प्रयास करती हैं। इसके दो मकसद होते हैं—एक तो वर्चस्व, दूसरा अपनी देवरानी या गोतनी को दबाकर रखना; क्योंकि परिवार में गोतनियों के बीच प्रतिद्वंद्विता रहती है।
ऐसे में अगर अपने देवर को कोई भाभी साध लेती है, तो अपनी देवरानी के खिलाफ उसको हथियार बनाकर चलाती है। आप तो ऐसी प्रताड़ना झेलकर एक नरकीय जीवन जी ही रही हैं। बच्चे भी बर्बाद होते हैं। आगे चलकर ऐसे पतियों का भी बुरा हाल होता है।
आप जैसी महिलाओं के साथ समस्या यह है कि पति जब चाहे आपके साथ मनमानी कर सकते हैं और आप भी मनमानी करने देने पर मजबूर होती हैं। लेकिन, मैं कहूँगा कि पति को अपने साथ मनमानी मत करने दीजिए। मानसिक और शारीरिक, दोनों तरह से अलगाव कीजिए।
अन्य काम जो भी आप पति के लिए कर रही हैं, वह करना बंद कर दीजिए। मैं फिर कहूँगा कि अपने अंदर के डर से निकलिए। यह डर ही किसी को आपके खिलाफ तानाशाही करने के लिए शह देता है। अपने डर से निकलकर ऐसे जुल्मी पति और षड्यंत्रकारी भाभी को जवाब देने की तैयारी कीजिए।
इस समस्या पर जज़्बात हेल्प सेंटर पेज सदस्यों के सुझाव पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

Leave a Reply